किसान कांग्रेस ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन।
अशोक नगर:(रिपोर्टर नसीर खान): मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर मंगलवार को जिला किसान कांग्रेस कमेटी, अशोक नगर ने किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनिंदर सिंह भुल्लर के प्रतिनिधत्व में पार्टी के सदस्यों एवं कृषकों के साथ कलेक्ट्रेट में पहुंच के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला स्तर पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरह से प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन प्रस्तुत किया । जिसमें जिले के किसानों को वर्तमान अनेकों गंभीर समस्याओं से जूझने का जिक्र करते हुए इनका त्वरित निराकरण के संबंध में मांगें शासन तक पहुंचाई गई जो कि इस प्रकार हैं।
मांगें: सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित है, जबकि गेहूं की MSP खरीदी 1 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। अतः किसानों को राहत प्रदान करते हुए ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, ताकि किसान अपनी उपज बेचने के बाद बिना ब्याज के ऋण जमा कर सकें। अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौतों के तहत सोयाबीन ऑयल के टैक्स-फ्री आयात को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, क्योंकि इससे देश के सोयाबीन उत्पादक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। जिले में हाल ही में हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि से जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उनका तत्काल सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि शीघ्र प्रदान की जाए।
गेहूं की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹4000 प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।अतः निवेदन है कि उपरोक्त मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे जिले के किसानों को राहत मिल सके।